यूपी के पूर्व सीएम कल्याण सिंह नहीं रहे


साईडलुक, डेस्क।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का शनिवार को निधन हो गया। 89 साल के कल्याण सिंह पिछले डेढ़ महीने से लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई अस्पताल में भर्ती थे।  एक महीने पहले सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया था, जिसके बाद बीते दिन उनकी हालत और बिगड़ गई थी। शनिवार रात को कल्याण सिंह ने अस्पताल में अंतिम सांस ली। राजस्थान के राज्यपाल रह चुके कल्याण सिंह बीजेपी के संस्थापक नेताओं में शामिल थे।  

नरौरा घाट पर होगा अंतिम संस्कार 
उनका अंतिम संस्कार गंगा घाट पर होगा। रविवार को उनके पार्थिव शरीर को अलीगढ़ ले जाया जाएगा। सोमवार को उनके कर्मभूमि अतरौली में जनता दर्शन हेतु रखा जाएगा। इसके बाद नरौरा गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।