साईडलुक डेस्क। बिहार के कैमूर जिले में पुलिस कर्मियों ने जब लॉकडाउन के नियमों का पालन कराए जाने का प्रयास किया तो उनको किन्नरों के विरोध का सामना करना पड़ गया। जानकारी के अनुसार जिले के भभुआ के एकता चौक पर भभुआ पुलिस लॉकडाउन के नियमों का पालन कराए जाने के लिए अलर्ट थी। उसी वक्त वहां से किन्नरों से भरा एक वाहन जा रहा था। जिसको देखकर पुलिस कर्मियों ने उक्त वाहन को रुकवा दिया और वाहन से सभी किन्नरों को उतार दिया। पुलिस कर्मी किन्नरों को वापस जाने की बात कहने लगे। जिसपर सभी किन्नर आक्रोशित हो उठे। साथ ही गुस्साए किन्नर पुलिस कर्मियों को खूब खरी-खोटी सुनाने लगे। थर्ड जेंडर अर्धनग्न अवस्था में होकर सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। काफी हंगामा के बाद पुलिस वालों द्वारा थर्ड जेंडर को जाने के लिए छोड़ दिया गया।
इनमें से ही एक थर्ड जेंडर ने कहा कि जब से सरकार लॉकडाउन लगा दिया है। तभी से हम सभी का काम-धंधा बंद हो गया है। सरकार वैसे तो सभी लोगों के लिए कुछ ना कुछ कर रही है। लेकिन हम लोगों के लिए सरकार की ओर से कोई सुविधा नहीं मिल पा रहा है। थर्ड जेंडर ने कहा कि पुलिस कर्मियों को तनख्वाह मिल रही है। लेकिन हम लोगों को कुछ नहीं मिलता। हम सभी लोग लगन में जा रहे हैं, यदि हम कुछ नहीं करेंगे तो खाएंगे क्या। हम लोगों की गाड़ी को पुलिस कर्मियों ने रोक दिया है।
बता दें कि पूर्व में भी बिहार के कई जिलों से किन्नरों द्वारा लॉकडाउन में काम बंद होने पर बेरोजगारी की समस्या उत्पन्न होने को लेकर हंगामे की घटना सामने आ चुकी हैं।